अकबरपुर के दुल्लापुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में जली भुलई पाल की बकरियां। संवाद
कटेहरी। अकबरपुर के दुल्लापुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे शॉर्ट सर्किट से भुलई पाल के छप्पर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से छप्पर में के अंदर बंधीं 25 बकरियाें की जलकर मौत हो गई
भुलई पाल और उनकी पत्नी सुभागी पाल बकरियों को बचाने के लिए दौड़े लेकिन, आग इतनी विकराल हो गई थी कि अंदर घुसने की कोशिश में दोनों झुलस गए। किसी तरह ग्रामीणों ने दोनों को खींचकर बाहर निकाला। सूचना पर फायर स्टेशन की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आग की चपेट में आने से सभी बकरियों की जलकर मौत हो चुकी थी। लेखपाल मुकेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
वहीं, टीकमपारा गांव के मुसहर बस्ती में दोपहर तीन बजे कुलदीप के छप्पर में आग लग गई। परिवार के सभी सदस्या गेहूं की कटाई करने गए थे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान छप्पर जलकर राख हो गया। प्रधान विजयपाल वर्मा ने बताया कि लेखपाल राहुल राना सिंह ने हानि की रिपोर्ट बनाकर तहसील को भेज दी है।