अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में सोमवार को दिव्यांग शिविर का आयोजन हुआ। इसमें पात्र मिले 24 लोगों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया।
प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए ठंड के बावजूद जिले के दूरदराज के क्षेत्र से 32 लोगों ने शिविर में पहुंचकर दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए पंजीकरण कराया था। डॉ. पंकज, डॉ. पुरेंद्र व डॉ. मुख्तार शेख की टीम ने एक-एक आवेदकों की जांच की तो इसमें 24 पात्र मिले। इन्हें मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध कराते हुए दिव्यांगों के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस बीच प्रमाणपत्र हाथ में आते ही दिव्यांगों के चेहरे खिल उठे। जहांगीरगंज के मुमताज व अहिरौली के राजेश्वर ने कहा कि पहली बार आवेदन किया। प्रमाणपत्र भी मिल गया। अब इसके माध्यम से दिव्यांगों के लिए संचालित योजनाओं का बेहतर ढंग से लाभ उठा सकेंगे।