यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में सोमवार को कुल दो हजार 327 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर तमाम दावों के बावजूद जिले के ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर बाकायदा बोलकर नकल कराया गया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद नकल माफिया पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
सभी पांच सचल दस्ते व जिलास्तरीय अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का जायजा ले रहे हैं लेकिन नकल पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के मुख्य विषय में से एक अंग्रेजी की परीक्षा में कुल 33 हजार 463 परीक्षार्थियों को शामिल होना था लेकिन एक हजार 27 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा किया।
32 हजार 436 परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी। उधर, इंटरमीडिएट समाजशास्त्र विषय की परीक्षा में 11 हजार 350 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 10 हजार 70 छात्र परीक्षा में बैठे। इनमें एक हजार 280 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार इंटरमीडिएट कृषि की परीक्षा में 207 छात्रों को शामिल होना था लेकिन 20 छात्र अनुपस्थित रहे। 187 छात्रों ने परीक्षा दी।