प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर अकबरपुर में परीक्षा देते विद्यार्थी।
अंबेडकरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को अंतिम दिन की परीक्षा कराई गई। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में कुल पंजीकृत 23,943 विद्यार्थियों में से 22,743 छात्र परीक्षा में उपस्थित रहे। वहीं, 1200 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। परीक्षा कक्षा पांच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई।
परीक्षा दो पालियों में कराई गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें कला व संगीत विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर अकबरपुर में पंजीकृत कक्षा पांच के 47 में से 43 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। प्रधानाचार्य खुर्शीद आलम ने बताया कि कक्षा पांच की परीक्षा संपन्न हुई हैं।
बीएसए शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि परीक्षा के लिए विद्यालयों में सभी व्यवस्थाएं की गईं थीं और शिक्षकों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। शिक्षक पोर्टल पर भी बच्चों के नंबर फीड कराएंगे।
इसके लिए बीईओ को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं आगामी शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक में बच्चों को प्रगति रिपोर्ट दिखाई जाएगी। मूल्यांकन के बाद प्राप्त परिणामों के आधार पर शिक्षक उन बच्चों को ट्रेस करेंगे, जिनके नंबर पढ़ने में कम आए होंगे। उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वार्षिक परीक्षा में अच्छे नंबरों के साथ उत्तीर्ण हो सकें।