पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज जाफरगंज में परीक्षा देते छात्र-छात्राएं
अंबेडकरनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार को कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए मिड लाइन असेसमेंट परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 32 राजकीय विद्यालयों के कुल पंजीकृत 2330 में से 2206 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 124 गैरहाजिर रहे। राजकीय माध्यमिक शिक्षा विभाग कक्षा नौ में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की प्रतिभा के आकलन के लिए पहली बार मिड लाइन असेसमेंट परीक्षा कराया गया है। सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न हुई। परीक्षा में विद्यार्थियों को हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से जुड़े 15-15 प्रश्नों के उत्तर कुल 90 मिनट के भीतर देने थे। यह परीक्षा परख एप के सहारे की गई। इसके बाद बच्चों के सीखने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज जाफरगंज के प्रधानाचार्य विवेक पटेल ने बताया कि कुल पंजीकृत 75 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए।
माध्यमिक जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पूर्ण गंभीरता से संपन्न कराई गई। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज खजूरडीह, राजकीय हाईस्कूल पहितीपुर का निरीक्षण किया। राजकीय माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने ओएमआर शीट को परीक्षा के बाद परख एप के माध्यम से स्कैन कर अपलोड किया। इस दौरान जीजीआईसी टांडा व कुर्की बाजार में अपलोड करने में समस्या आई। स्कैनिंग के बाद ओएमआर शीट विद्यालय अभिलेख के रूप में तीन माह तक सुरक्षित रखी जाएंगी। परीक्षा में एक से अधिक गोले काले करने पर अंक नहीं दिए जाएंगे, जबकि किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं है।
जिला स्तर पर तैयार किए गए प्रश्नपत्र
मिड-लाइन असेसमेंट की परीक्षा संपन्न हुई है। जिला स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार किए गए थे। यह परीक्षा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
-प्रवीण कुमार तिवारी, डीआईओएस