अंबेडकरनगर। विभिन्न प्रांतों से जनपद लौट रहे परदेसियों पर पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर है। गत दिवस टांडा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ऐसे 21 नागरिकों को कब्जे में लिया जो गैर प्रांत से आकर जनपद सीमा में प्रवेश कर रहे थे। बाद में जिला अस्पताल में इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद क्वारंटीन करा दिया गया।
सीओ अमर बहादुर ने बताया कि लॉकडाउन सफल बनाने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय है। रविवार रात अलीगंज पुलिस ने अयोध्या की तरफ से जनपद में प्रवेश कर रहे सात लोगों व कलवारी पुल से प्रवेश कर रहे 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि ये सभी पंजाब से लौटे हैं, जो जनपद के मूल निवासी हैं। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद सभी को क्वारंटीन कर दिया गया।
सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि रविवार रात जांच के बाद 21 मजदूरों को क्वारंटीन किया गया था। बीते दिनों विभिन्न प्रांतों से आए कुल 11 पुलिसकर्मियों को भी क्वारंटीन किया गया है। जिला अस्पताल में लगातार जांच प्रक्रिया चल रही है। संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें तत्काल क्वारंटीन किया जा रहा है।