अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट में नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते आयुष चिकित्सक।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। आयुष मिशन योजना के अंतर्गत जिले के 12 आयुर्वेदिक एवं यूूनानी चिकित्सक तथा नौ होम्योपैथिक चिकित्सकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके लिए विधायक आलापुर अनीता कमल, डीएम राकेश कुमार मिश्र व सीडीओ घनश्याम मीणा की अगुवाई में विभागीय अधिकारी व नव नियुक्त चिकित्सक मौजूद रहे। प्रदेश के कुल 1100 चयनित आयुष चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए।
आयुष मिशन योजनांतर्गत जनपद अंबेडकरनगर में 12 आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी नियुक्त किए गए। नौ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किए गए। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष मिशन योजना अंतर्गत आयुर्वेदिक एवं यूनानी, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों को मानव कल्याण की बेहतरी के लिए नियुक्त किया गया है। उन्होंने औषधियों के गुणों की चर्चा करते हुए कहा कि आयुर्वेद और होम्योपैथ के क्षेत्र में विस्तार के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है। कहा कि इस क्षेत्र के विस्तार से निश्चय ही मानव का कल्याण होगा। औषधियों का प्रयोग मानव सदियों से करता आ रहा है। अब सरकार इसकी बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने व्यायाम, योग पर बल देते हुए कहा कि जगह-जगह सरकार निरंतर योग वैलनेस सेंटर स्थापित कर जनकल्याण के बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। कहा कि देश के युवा एवं समस्त लोग आयुष औषधियों का प्रयोग कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर कर सकते हैं। उन्होंने चयनित नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों से उनके बेहतरीन प्रदर्शन की अपेक्षा किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे ।