अंबेडकरनगर। सरयू नदी से होने वाली बाढ़ और कटान की समस्या को कम करने के लिए 20.19 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिली है। यह मंजूरी एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर दी गई है। परियोजनाओं का क्रियान्वयन बाढ़ कार्य खंड अयोध्या की ओर से किया जाएगा।
परियोजनाओं के तहत नदी के दाहिने तट पर जियोबैग स्लोप पिचिंग और परक्यूपाईन स्क्रीन लगाए जाएंगे। इन तकनीकों का उद्देश्य कटान रोकना और बाढ़ के दौरान गांवों को सुरक्षित करना है। टांडा के आसोपुर छज्जापुर (राजघाट) क्षेत्र में 378.86 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है।
नौराहने रामपुर, खिदाई गनेशपुर ग्राम समूह के लिए 432.79 लाख रुपये की योजना लागू होगी। आलापुर तहसील के गोवर्धनपुर (राधाकृष्ण मंदिर), सराय नेल्कंथ क्षेत्र में 398.59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बंगालपुर, बसंतपुर गांवों के लिए 357.89 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है। माझा कम्हरिया, आराजीदेवारा क्षेत्र में 450.58 लाख रुपये से परक्यूपाइन स्क्रीन लगाने का कार्य होगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने पर टांडा और आलापुर के कई गांवों को हर साल होने वाले बाढ़ और कटान के खतरे से राहत मिलने की उम्मीद है। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि सरयू नदी से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता रही है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के लागू होने से हजारों लोगों को बाढ़ और कटान से सुरक्षा मिलेगी और जनजीवन पर पड़ने वाला असर कम होगा।
प्रेस क्लब के लिए मिले 1.38 करोड़
अकबरपुर के बसखारी मार्ग स्थित प्रेस क्लब भवन के जीर्णोद्धार एवं विस्तार के लिए शासन ने 1.38 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना का उद्देश्य प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और पत्रकारों के कार्य के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण बनाना है। प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि इस पहल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत लोगों को सुविधा मिलेगी।