अकबरपुर के सिझौली मोहल्ले में बिजली कनेक्शन की जांच करते कर्मी।
अंबेडकरनगर। जिलेभर में 80 से अधिक स्थानों पर ओटीएस के तहत कैंप लगाकर लगभग 20 लाख रुपये बिजली बिल जमा कराया गया। वहीं, बिल न जमा करने वाले 200 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
अधिशासी अभियंता आशीष यादव और जेई अंकित राज ने शहजादपुर, मरैला, हजपुर, जाफरगंज मेंं चेकिंग अभियान चलाकर 40 बकायेदारोंं के कनेक्शन काटे। मौके पर दो लाख रुपये का बकाया बिल भी जमा कराया। अवर अभियंता सतीश कुमार ने शास्त्रीनगर, गदायां, गांधीनगर, महानगर में 30 उपभोक्ताओंं से एक लाख से अधिक का बिजली का बकाया बिल जमा कराने के साथ ही 10 बकायेदारोंं के कनेक्शन भी काटे। दरगाह किछौछा बिजलीघर के उमरापुर मिनवापुर में ओटीएस के तहत एक लाख रुपये का बकाया जमा कराया गया। वहीं 12 लोगोंं के बिजली कनेक्शन काटे गए।
बताते चलें कि एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के दूसरे चरण का शुक्रवार को अंतिम दिन है। 30 जनवरी तक 50 लाख रुपये से अधिक का बकाया बिजली विभाग के खाते में उपभोक्ता जमा करा चुके हैं। दूसरे चरण में पांच हजार तक एकमुश्त भुगतान में 80 फीसदी और किस्त में 65 फीसदी छूट दी जा रही है। पांच हजार से अधिक पर 60 फीसदी और किस्त पर 50 फीसदी छूट, तीसरे चरण में एकमुश्त जमा करने पर 70 फीसदी, किस्त में जमा करने पर 55 फीसदी छूट मिलेगी। पांच हजार से अधिक बकाये पर 50 फीसदी और किस्त पर 40 फीसदी छूट रहेगी।