टांडा। विश्व रक्तदाता दिवस पर युवान फाउंडेशन एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं से जुड़े 20 युवाओं ने रक्तदान किया। युवाओं ने रक्तदान कर कोरोना काल में समाजसेवा की एक मिसाल प्रस्तुत की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि टांडा विकास खंड अधिकारी शशांक सिंह ने कहा कि रक्तदान के लिए यदि लोग जागरूक हो जाएं तो रक्त की कमी से किसी भी मरीज की मृत्यु को रोका जा सकता है। विशिष्ट अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी अखंड प्रताप ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के सभी लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए साल में एक बार रक्तदान करने का संकल्प लेना चाहिए।
शिविर में नियमित रक्तदान शिविर चलाने वाली संस्था सहयोग फाउंडेशन, प्रेमा राधे मेमोरियल एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट, युवक मंगल दल-ब्राहिमपुर कुसमा, युवान फाउंडेशन, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन, गाजी फाउंडेशन, जनहित समाज कल्याण सेवा संस्थान, आरपीएस चैरिटेबल ट्रस्ट, एचडीएफसी बैंक, पंख संस्था, टाण्डा, भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, कृष्णावती जन कल्याण सेवा संस्थान को सम्मानित भी किया गया। रक्तदान शिविर में 30 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। जांच के बाद 20 नागरिकों ने रक्तदान किया।