जलालपुर को हेपेटाइटिस बी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने के तहत जलालपुर महिला अस्पताल परिसर में अरुणिमा फाउंडेशन के हेपेटाइटिस बी मेगा टीकाकरण का मंगलवार को सपन्न हो गया। तीन दिन तक चले इस शिविर में करीब 20 हजार लोगों को टीका लगाया गया।
शिविर के अन्तिम दिन लगभग 8 हजार लोगों को टीका लगाया गया। शिविर के अंतिम दिन भी पहुंची पद्मश्री अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि वे जलालपुर को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से आच्छादित कराने की दिशा में निजी स्तर पर अधिकतम प्रयास तय कर रही हैं।
शिविर के तीसरे व अंतिम दिन टीकाकरण स्थल पर महिलाओं व पुरुषों का भारी हुजूम उमड़ा। सुबह साढ़े सात बजे से ही 20 काउंटर पर रजिस्ट्रेेशन व टीकाकरण का कार्य प्रारंभ हो गया। टीकाकरण करने का कार्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने किया, जबकि व्यवस्था का जिम्मा फाउंडेशन अध्यक्ष ओमप्रकाश, सीएचसी प्रभारी डॉ अतीक आलम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी, राहुल सिन्हा व हिमांशू पांडेय ने संभाला था।
टीकाकरण के लिए स्कूली बच्चों ने जहां सुबह ही लम्बी लाइन लगा दी थी, वहीं दोपहर बाद कई स्कूलों के अध्यापक व प्रबंधन से जुड़े लोग अवकाश घोषित कर अपने अपने स्कूल के बच्चों को लेकर टीकाकरण के लिए पहुंचे।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए टीएनपीजी कॉलेज टांडा के एनसीसगी कैडेट, सीबीसी सिंह लॉ कॉलेज के छात्र छात्राएं तथा जलालपुर कोतवाली पुलिस मौजूद रही। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ अतीक आलम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी, राहुल सिन्हा, हिमांशू पाण्डेय के अलावा मुन्ना गौड़, गुंजन मिश्रा, स्वाति, गुड़िया व पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।