अंबेडकरनगर। जिले के 19 केंद्रों पर आयोजित पीसीएस (प्रांतीय सिविल सेवा) परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए परिवहन निगम ने 20 बसों को रिजर्व रखने का निर्णय लिया है। यह बसें परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएंगी।
22 दिसंबर को जिले के 19 केंद्रों पर पीसीएस की परीक्षा देने के लिए विभिन्न जनपदों से 8352 अभ्यर्थी भाग लेंगे। दो पाली में होने वाली परीक्षा में किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए परिवहन निगम ने पहले से ही तैयारी पूरी कर रखी है।
निगम कार्यालय के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को वापस अपने जनपद जाने में किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए परीक्षा वाले दिन 20 बसों को रिजर्व रखा जाएगा। अकबरपुर बस स्टेशन पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार उसी जनपद के लिए बसों को भेजा जाएगा।
एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए निगम ने सारी तैयारी पहले से ही पूरी कर ली है, आवश्यकता पड़ी तो और बसों को लगाया जाएगा।