अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के 15 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कार्यदायी संस्था के ठेका कर्मियों का चौथे दिन बुधवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। इससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। घरोंं से कूड़े का उठान नहीं होने से नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कर्मियों ने इस बीच नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर धरना भी दिया।
नगर पालिका अकबरपुर के 25 वार्डों में से रसूलाबाद, मीरानपुर, मुरादाबाद, गांधीनगर, शास्त्रीनगर, पटेलनगर, मिर्जापुर, कृष्णानगर, इंद्रलोक, शहजहांपुर, शहजादपुर, अब्दुल्लापुर, संघतिया राबीबहाद्दीनपुर समेत 15 वार्डों में घरों से कूड़ा एकत्र करने की जिम्मेदार निजी संस्था वेद एसोसिएट झांसी के हाथों में है। संस्था ने हर वार्ड में सफाई कार्य के लिए निजी सफाईकर्मियों के साथ ही निगरानी के लिए सुपरवाइजरों की तैनाती कर रखी है।
रविवार से संस्था के सफाईकर्मी और सुपरवाइजरों ने अपनी संस्था के ही ठेकेदार और मैनेजर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर आंदोलन छेड़ रखा है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन के बाद बुधवार को कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे ईओ बीना सिंह से ठेका कर्मियों ने मुलाकात की।
ईओ ने कहा कि वे सभी अपनी समस्याएं अपनी संस्था के ठेकेदार से बताएं। ईओ ने कहा कि यदि समस्या नहीं निपटी तो जरूरी निर्णय लिया जाएगा।