अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत संचालित बीसी सखी योजना में अंबेडकरनगर जिले की 190 ग्राम पंचायतों में पद रिक्त हैं। इन पदों के खाली रहने से गांवों में बैंकिंग सेवाओं की गति प्रभावित हो रही है। हालांकि अब मिशन इकाई की ओर से इन रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल जिले में 709 बीसी सखियां कार्यरत हैं, जो ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। रिक्त पदों के भर जाने से वित्तीय लेनदेन और सरकारी योजनाओं की सब्सिडी व मजदूरी भुगतान जैसी सुविधाएं ग्रामीणों को आसानी से और समय पर मिल सकेंगी। उपायुक्त स्वतः रोजगार सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिक्त ग्राम पंचायतों में सक्रिय स्वयं सहायता समूहों को इसके लिए पत्र जारी किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 15 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीसी सखी योजना के माध्यम से न केवल गांवों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ हो रही हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी।