राजेसुल्तानपुर के चाड़ीपुर कला में खराब सड़कों की मरम्मत के लिए विरोध करते ग्रामीण
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के चाड़ीपुर कला गांव के ग्रामीणों ने रविवार को खराब सड़कों के विरोध में जहांगीरगंज-कम्हरिया मुख्य मार्ग पर बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के दशकों बाद भी गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं बनी।
ग्रामीणों का कहना था कि छोटे बच्चे कीचड़ भरे गड्ढों से होकर स्कूल जाते हैं, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को मंदिर तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण गुलशन सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान सांसद और विधायक गांव पहुंचकर विकास के वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद कोई पलट कर नहीं देखता। रणधीर सिंह ने कहा कि वर्षों से शिकायतें करने के बावजूद न तो सांसद, न विधायक और न ही ग्राम प्रधान ने इस दिशा में कोई ठोस पहल की। इस दौरान लाल मोहम्मद, रुद्र प्रताप, राकेश गुप्ता, दुर्गेश, विशाल सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।