अंबेडकरनगर। जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए बृहस्पतिवार को बसपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी प्रत्याशी समेत कुल 22 प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें सपा, बसपा व भाजपा के चार ऐसे प्रत्याशी शामिल रहे, जिन्होंने दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा भरा। गुरुवार को 18 नए प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन को देखते हुए कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सघन जांच के बाद ही लोगों को कलेक्ट्रेट में प्रवेश दिया गया।
अकबरपुर विधानसभा सीट के लिए कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी प्रियंका जायसवाल ने एक सेट में, मौलिक अधिकार पार्टी के सुरेश कुमार ने दो सेट, राष्ट्रीय जन सहयोग पार्टी के मनोज कुमार ने एक सेट, राष्ट्रीय समाज दल के श्रीराम ने एक सेट, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के मोहम्मद अतीक ने एक सेट, निर्दल प्रत्याशी केशवलाल गुप्ता ने एक सेट, निर्मला वर्मा ने एक सेट में नामांकन किया। कटेहरी विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी प्रतीक पांडेय ने चार सेट में नामांकन किया। इनके अलावा कांग्रेस पार्टी की निशात फातिमा ने एक सेट, आम आदमी पार्टी के रामबरन प्रजापति ने एक सेट में नामांकन किया।
जलालपुर विधानसभा सीट से बहुजन मुक्ति पार्टी के जयसिंह राना ने दो सेट में नामांकन किया। आलापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यमवदा ने एक सेट में, आजाद समाज पार्टी के निखिल कुमार ने एक सेट में, विकासशील इंसान पार्टी के प्रेमलता ने एक सेट में व निर्दल प्रत्याशी रामबचन ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। टांडा विधानसभा सीट से बहुजन मुक्ति पार्टी के जावेद अहमद सिद्दीकी ने दो सेट में, आजाद समाज पार्टी के सगीर राणा ने एक सेट, कांग्रेस प्रत्याशी सै. मेराजुद्दीन किछौछवी ने एक सेट में, एआईएमआईएम के प्रत्याशी मोहम्मद इरफान पठान ने दो सेट, निर्दल प्रत्याशी गुलाम ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।
चार प्रत्याशियों ने दोबारा किया नामांकन
नामांकन के अंतिम दौर में एक तरफ जहां नामांकन करने वालों में होड़ मची हुई है तो वहीं कुछ प्रमुख दलों के ऐसे प्रत्याशी भी हैं, जिन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोबारा नामांकन किया। बुधवार को जहां कुछ प्रत्याशियों ने दोबारा नामांकन किया था, तो वहीं बृहस्पतिवार को भी सपा, बसपा व भाजपा के चार प्रत्याशियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर फिर से पर्चा भरा। अकबरपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने दो सेट में, जबकि बसपा के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश वर्मा ने दो सेट में नामांकन किया। जलालपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी राकेश पांडेय ने दो सेट में, जबकि आलापुर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी केशरा देवी ने भी दो सेट में नामांकन किया।
चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहे सुरक्षाकर्मी
नामांकन के अंतिम दिन से पहले बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों व निर्दल प्रत्याशियों के नामांकन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। कलेक्ट्रेट परिसर पर जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहे, तो वहीं एडीएम आवास से लेकर कलेक्ट्रेट तक जगह-जगह लगे बैरियर पर पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बल पूरी तरह से मुस्तैद रहा। कोरोना प्रोटोकॉल व आदर्श आचार संहिता का पूरी सख्ती के साथ पालन हो सके, इसके लिए जिम्मेदार लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। इस बीच एएसपी संजय राय लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि आचार संहिता व कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।