अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी कन्या सुमंगला योजना के तहत जिले की लगभग 16 हजार बालिकाओं को मौजूदा समय में लाभ मिल रहा है। अलग-अलग श्रेणी की बालिकाओं के परिवारीजनों को निर्धारित राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही योजना के तहत अभियान चलाकर कन्या भ्रूण हत्या रोकने, सामान्य लैंगिक अनुपात बनाए रखने समेत कन्याओं के उत्थान के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
बालिकाओं के उत्थान व उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने अप्रैल 2019 में कन्या सुमंगला योजना शुरू की थी। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित कन्या सुमंगला योजना के तहत अभियान चलाकर आमजन को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करने, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहित करने का कार्य वृहद स्तर पर किया जा रहा है। इसका व्यापक लाभ देखने को मिल रहा है। इसके लिए समय-समय पर जिला प्रोबेशन कार्यालय के तत्वावधान अभियान चलाकर विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के अनुसार कन्या सुमंगला योजना के तहत अब तक जिले में 15 हजार 848 कन्याओं को योजना का लाभ मिल रहा है। कार्यालय के अनुुसार जन्म के बाद कन्या के परिवारीजनों को 2 हजार रुपये, एक वर्ष के टीकाकरण के बाद 1 हजार रुपये, कक्षा 1 में बालिका के प्रवेश के दौरान 2 हजार रुपये, कक्षा 6 में प्रवेश करने पर 2 हजार रुपये, कक्षा 9 में बालिका के प्रवेश पर 3 हजार रुपये, स्नातक अथवा दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश पर 5 हजार रुपये अनुदान दिए जाने का प्राविधान है। उधर, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह ने बताया कि योजना के तहत लगभग 16 हजार परिवारों को लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र ऑनलाइन या फिर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।