प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरा में रविवार को जन आरोग्य मेले में इलाज करते चिकित्सक। -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को अव्यवस्थाओं के बीच जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 1596 मरीजों की जांच व उपचार किया गया। वहीं 121 पात्रों ने गोल्डन कार्ड बनवाने की सुविधा का लाभ उठाया। हालांकि कुछ केंद्रों पर जांच न होने से मरीजों को मायूस होकर वापस भी लौटना पड़ा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरा में 78 मरीजों ने अपनी जांच करायी। डॉ हुमा अख्तर व फार्मासिस्ट शिवहर्ष के साथ संजीत कुमार वर्मा ने मरीजों की मलेरिया, डेंगू, शुगर और बीपी की जांच की। जलालपुर नगर के अर्बन हेल्थ सेंटर पर 40 मरीजों ने का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय वर्मा ने बताया कि जन आरोग्य मेले को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कुल 91 चिकित्सक व 154 पैरामेडिकल टीम को लगाया था। मेले में 724 पुरुष, 652 महिला व 220 बाल रोगी का उपचार हुआ।
उन्होंने बताया कि मेले का अधिकाधिक मरीज लाभ उठाएं इसके लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहसिनपुर मंसूरपुर में आयोजित स्वास्थ्य मेले में कई मरीजों को मायूसी हाथ लगी। यहां पर चिकित्सक की टीम ने करीब 56 मरीजों का उपचार किया। इनमें से 20 मरीज ऐसे थे जिन्हें एक्सरे, अल्ट्रासांउड के अलावा खून जांच कराने की जरूरत थी।
लेकिन यहां जांच उपलब्ध न होने की वजह से मरीजों को सुविधा का लाभ नहीं मिला। मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।