अंबेडकरनगर जीजीआईसी में परीक्षार्थियों की तलाशी लेते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में चल रही यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को विभिन्न विषयों की आयोजित परीक्षा में 159 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कई परीक्षा केन्द्रों पर जहां इमला बोलकर नकल कराने का दौर चल रहा है, तो कई जगह सुविधा शुल्क आदि लेकर साइलेंट नकल करायी जा रही है।
मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं का संगीत गायन विषय की परीक्षा थी। इसमें 20 छात्र छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रथम पाली में इंटरमीडियट की अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा हुई।
इसमें पंजीकृत 1957 के सापेक्ष 1798 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 159 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडियट के छात्र छात्राओं ने भौतिक विज्ञान की परीक्षा दी। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग तमाम दावे कर रहा है, लेकिन स्थिति इसके उलट है।
नकल रोकने में सचल दस्ता कोई खास उपलब्धि नहीं पा सका। यह बात अलग है कि कई परीक्षा केन्द्रों पर जहां साइलेंट नकल का दौर जारी है, वहीं इमला बोलकर भी नकल कराने की खबर आ रही है। जिला मुख्यालय के अलावा नजदीकी परीक्षा केन्द्रों पर ही नकल का काफी बोलबाला है।
इसके बाद भी न तो शिक्षा विभाग छापेमारी की जरूरत समझ रहा है, और न ही नकल रोकने के लिए गठित सचल दस्ता। 16 मार्च से शुरू हुई परीक्षा में अब तक पांच सचल दस्ते में सिर्फ एक सचल दस्ते ने एक नकलची पकड़ने की सफलता प्राप्त की है। उधर डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। सभी सचल दल लगातार सक्रिय हैं।