जलालपुर महिला अस्पताल में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अर्बन में रविवार को मरीजों की जांच
अंबेडकरनगर। जिले के 35 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1574 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें 641 पुरुष, 770 महिलाएं और 163 बच्चे शामिल थे।
बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य केंद्रों पर त्वचा और सांस से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या अधिक रही। जांच में 240 मरीज त्वचा रोग, जबकि 194 मरीज श्वसन संबंधी बीमारी से पीड़ित मिले। इसके अलावा 153 मरीजों में डायबिटीज, 90 में उच्च रक्तचाप, 141 में गैस्ट्रो संबंधी समस्या, 21 में लिवर, 16 में एनीमिया और 25 मरीजों में टीबी के लक्षण पाए गए। अन्य बीमारियों से जुड़े 490 मरीजों की भी जांच की गई। गंभीर स्थिति वाले तीन मरीजों को सर्जरी के लिए रेफर किया गया।
मेले के दौरान कोविड हेल्प डेस्क पर 259 मरीजों की जांच की गई। जांच में किसी भी मरीज में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। सुलेमपुर संवाद के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरा में रामपुर बेनीपुर निवासी अंश वर्मा बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें बार-बार बुखार आ रहा था। जांच के बाद चिकित्सक ने दवा दी और तीन दिन बाद दोबारा जांच कराने की सलाह दी। वहीं जलालपुर संवाद के अनुसार महिला अस्पताल में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अर्बन में कन्नूपुर निवासी आराध्या त्वचा संबंधी समस्या लेकर पहुंचीं। जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें उपचार उपलब्ध कराया। सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जन आरोग्य मेले में चिकित्सकों की तैनाती के साथ दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। मरीजों की बीमारी के अनुसार जांच कर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।