अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील में बीते तीन दिन से मुख्य सीपीयू खराब होने से यहां लगे कई कंप्यूटर डिब्बा बने हुए हैं। नतीजा यह है कि यहां खतौनी निकलवाने पहुंच रहे लोगों को निराश होना पड़ रहा है। गुरुवार को भी 70 से अधिक लोग खतौनी निकलवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लगी। नाराज लोगों ने तहसील प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों को लोगों की कोई सुध नहीं है।
तीन दिन से सीपीयू खराब है, लेकिन उसे दुरुस्त कराने की सुध नहीं ली जा रही है। इसका खामियाजा खतौनी निकलवाने के लिए आने वालों को भुगतना पड़ता है। दरअसल, अकबरपुर तहसील में कभी सर्वर फेल होने से कार्य बाधित होता है तो कभी अन्य गड़बड़ियों के चलते यहां लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ता है।
बीते तीन दिनों से मुख्य सीपीयू खराब पड़ा है। नतीजा यह है कि खतौनी निकालने का कार्य पूरी तरह ठप है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग खतौनी निकलवाने के लिए अकबरपुर तहसील पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है। गुरुवार को भी 70 से अधिक लोग खतौनी निकलवाने के लिए अकबरपुर तहसील पहुंचे। यहां उन्हें बताया गया कि मुख्य सीपीयू में आई गड़बड़ी अभी दूर नहीं की जा सकी है। इसके चलते खतौनी नहीं निकल सकेगी।
नतीजा यह हुआ कि एक बार फिर से लोगों को बगैर खतौनी के वापस लौटना पड़ा। बेवाना से आए रामफेर व पहितीपुर के गिरिजाशंकर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वे बीते तीन दिन से खतौनी निकलवाने के लिए तहसील का चक्कर लगा रहे हैं। जब भी आते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि कम्प्यूटर में गड़बड़ी है। उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। जैसे ही ठीक होगा खतौनी निकलवा दी जाएगी।
तीन दिन हो गए, लेकिन अब तक गड़बड़ी नहीं दूर हो सकी। जाफरगंज के बाबूराम व शहजादपुर के ज्ञानचंद्र ने कहा कि तहसील प्रशासन को आमजन की कोई सुध नहीं है। तीन दिन से कंप्यूटर में गड़बड़ी है, उसे दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। खतौनी की सख्त जरूरत है, लेकिन नहीं मिल सकी। उधर, एसडीएम सदर अभिषेक पाठक ने कहा कि गड़बड़ी दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।