फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मकोइया उपकेंद्र का इनकमिंग पैनल फुका, ठप हुई आपूर्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
बसखारी। गर्मी के बीच गुरुवार सुबह मकोइया विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडर के इनकमिंग पैनल में आग लग गई। इससे उपकेंद्र के सभी सात फीडर से होने वाली विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गड़बड़ी ठीक करने के लिए दिन में लखनऊ से तकनीकी टीम उपकेंद्र पहुंच गई। हालांकि देर शाम तक गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इससे संबंधित उपकेंद्र से जुड़ी लगभग 65 हजार की आबादी को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल को लेकर हुई। जिसके लिए लोग इधर-उधर भटकते रहे।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार मकोइया विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडर शुकुल बाजार, बसखारी व नसीरपुर की इनकमिंग पैनल की सीटी गुरुवार सुबह जल गई। इससे न सिर्फ इन तीनों फीडर, बल्कि उपकेंद्र के कुल सात फीडर से होने वाली विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। पहले तो उपभोक्ताओं को लगा कि कटौती या फिर कुछ गड़बड़ी के चलते बिजली गई है। काफी देर जब बिजली नहीं आने पर जब उपभोक्ताओं ने पता किया तो जानकारी दी गई कि तीन फीडर के इनकमिंग पैनल का एक उपकरण जल गया है। इसे ठीक कराने के लिए लखनऊ से तकनीकी टीम को बुलाया जा रहा है।
विद्युत आपूर्ति ठप होने से बसखारी, भठपुरवा, कोतूपुर, लखनपुर, नसीरपुर, किछौछा, शिवतारा, रामडीह सराय, पकड़ापुर, कायमपुर, अरुशा, नरायनपुर समेत लगभग 4 दर्जन गांव की लगभग 65 हजार की आबादी को संकट का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल को लेकर हुई। सुबह बिजली न होने से लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर होना पड़ा। अपराह्न तक गड़बड़ी दूर होने की उम्मीद थी, लेकिन देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। नतीजा यह रहा कि गुरुवार को पूरे दिन चलते विद्युत चालित लघु उद्योगधंधे भी पूरी तरह प्रभावित हुए।
विज्ञापन


बसखारी के अनिल कुमार, जगदीश व इदरीस ने कहा कि गर्मी प्रारंभ होने से पहले ही जर्जर हो चुके उपकरणों को बदले जाने की मांग की जा रही थी। जिम्मेदार अधिकारियों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इसी का नतीजा है कि आए दिन गड़बड़ी के चलते आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। किछौछा के कलीम अशरफ व संतोष ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक जर्जर हो चुके उपकरणों को बदले जाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली नहीं उपलब्ध हो सकती है।

मकोइया विद्युत उपकेंद्र के तीन फीडर की इनकमिंग पैनल में गड़बड़ी आ गई थी। इन्हें ठीक करने के लिए लखनऊ से टीम आई है। देर शाम तक गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- गणेश प्रजापति, जेई

बाक्स
केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत देईपुर गांव में विद्युत केबिल जोड़े जाने को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार सुबह विवाद हो गया। इसी बीच एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के पैर पर लगी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरिकृष्ण गुरुवार सुबह टूटी विद्युत केबिल जोड़ रहा था। आरोप है कि इसी बीच गांव का ही योगेंद्र कुमार वहां पहुंचा और केबिल जोड़ने का विरोध करने लगा। इस पर दोनों के बीच पहले कहासुनी, फिर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच योगेंद्र ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हरिकृष्ण पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी। जब तक इर्दगिर्द के लोग मौके पर पहुंचते, हमलावर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग खड़ा हुआ। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर योगेंद्र के विरुद्ध केस दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें