केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के देईपुर गांव में विद्युत केबल जोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार सुबह विवाद हो गया। इसी बीच एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के पैर में लगी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी हरिकृष्ण गुरुवार सुबह टूटी विद्युत केबल जोड़ रहा था। आरोप है कि इसी बीच गांव का ही योगेंद्र कुमार वहां पहुंचा और केबल जोड़ने का विरोध करने लगा। इस पर दोनों के बीच पहले कहासुनी फिर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच योगेंद्र ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से हरिकृष्ण (20) पर फायर झोंक दिया। गोली उसके पैर में लगी।
गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरातफरी मच गई। जब तक इर्दगिर्द के लोग मौके पर पहुंचते तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग खड़ा हुआ। बाद में पीड़ित ने थान पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर योगेंद्र के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया जा रहा है।