भीटी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर उसे निलंबित कर दिया गया। मामले की शिकायत डीएम से हुई थी। डीएम के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता ने यह कार्रवाई की। गौरतलब है कि मदारभारी निवासी एक व्यक्ति ने बीते दिनों नलकूप कनेक्शन के लिए विद्युत लाइन एस्टीमेट बनाने का अनुरोध विभाग से किया था। इसे लेकर लगातार टालमटोल की जा रही थी।
उपभोक्ता का आरोप है कि अवर अभियंता गयादीन ने 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इसके बाद उपभोक्ता ने उन्हें रिश्वत की रकम थमाई तो, लेकिन वीडियो बना लिया। शिवसेना नेता अनूप कुमार त्रिपाठी ने विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इस बीच बुधवार को वीडियो वायरल हो गया। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कार्रवाई के निर्देश दिए तो अधीक्षण अभियंता बीके दोहरे ने संबंधित जेई को निलंबित कर दिया।