अंबेडकरनगर। ट्रेन यात्रियों की मुश्किलें बुधवार को भी बरकरार रहीं। कोलकाता डाउन एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनें निरस्त रहीं, वहीं पांच अन्य ट्रेन घंटों विलंब से चलीं।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार पूर्वाह्न 11:09 पर अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली फरक्का डाउन एक्सप्रेस के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी गई। दोपहर 12:25 पर आने वाली दून डाउन एक्सप्रेस, रात 10:20 पर आने वाली कोलकाता डाउन एक्सप्रेस व सुबह 4:55 पर अकबरपुर आने वाली पंडित दीनदयाल डाउन एक्सप्रेस ट्रेन भी निरस्त रही। इससे संबंधित ट्रेन से यात्रा करने वाले 33 यात्रियों को आरक्षित टिकट रद्द कराने को मजबूर होना पड़ा।
इसके अलावा पैसेंजर अप ट्रेन निर्धारित समय सुबह 7:06 से 4 घंटा, दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय दोपहर 1:16 से ढाई घंटा, साबरमती अप एक्सप्रेस निर्धारित समय शाम 5:27 से साढ़े 7 घंटा, पैसेंजर डाउन निर्धारित समय शाम 4:19 से डेढ़ घंटा व गंगा सतलज डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय शाम 4:38 से 2 घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रेन के निरस्त होने व घंटों विलंब से चलने को लेकर यात्रियों ने कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि ट्रेन संचालन सुचारु रूप से हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए। उधर स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि ट्रेन के निरस्त होने व विलंब से चलने की जानकारी समय रहते यात्रियों को दे दी गई थी।