अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत सुड़ारी निवासिनी एक महिला स्टोव पर खाना बनाने के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर इसी कोतवाली अन्तर्गत लोरपुर निवासिनी एक युवती पर खौलता दूध गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
परिवारीजनों के अनुसार सुड़ारी निवासिनी छोहारा देवी (55) पत्नी रामप्रसाद शनिवार देर शाम स्टोव पर खाना बना रही थी। बताया जाता है कि जब वह उस पर रखा बर्तन उठा रही थी, तो अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे वह उसकी चपेट में आ गई। गुहार पर पहुंचे घरवालों ने आग बुझाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो चुकी थी।
स्थानीय इलाज के बाद घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत लोरपुर निवासिनी राधा (21) पुत्री छोटेलाल शनिवार शाम रसोई गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। बताया जाता है कि दूध उबलने से पहले वह बर्तन उठा रही थी कि इसी बीच बर्तन उलट गया, जिससे खौलता दूध उस पर गिर पड़ा। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।