अंबेडकरनगर। अकबरपुर के विकास खंड कार्यालय के निकट स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार दोपहर शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से लगभग आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग से लगभग 50 हजार रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ। उधर संबंधित रेस्टोरेंट में आग बुझाने का यंत्र न होने पर जिला अग्रिशमन अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
अकबरपुर नगर के विकास खंड कार्यालय के निकट एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में रोज की तरह लोग जलपान कर रहे थे। इसी बीच अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोग गुहार मचाते हुए बाहर की तरफ भागने लगे। आग अगल बगल स्थित दुकानों को भी अपनी चपेट में न ले, इसके लिए स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में तीन वाहनों से फायर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लगभग 50 हजार रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ।
उधर आग से निपटने के लिए रेस्टोरेंट संचालक की बड़ी लापरवाही सामने आई। रेस्टोरंट में अग्रिशमन यंत्र नहीं मौजूद था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेकर जिला अग्रिशमन अधिकारी ने रेस्टोरेंट मालिक पर लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जिला अग्रिशमन अधिकारी जसवंत सिंह ने जुर्माना लगाने की पुष्टि की है।