अंबेडकरनगर। जिले में अलविदा की नमाज श्रद्धा व देश में अमन चैन की दुआ के साथ शुक्रवार को अदा की गई। लोगों से आह्वान किया गया कि आपसी भाईचारे की डोर को कमजोर न होने दें। इस्लाम ने सदैव इंसानियत का पैगाम दिया है। हमें कोई ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए, जिससे इंसानियत को ठेस पहुंचे। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे अल्लाह के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज व देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
शिया जामा मस्जिद मीरानपुर अकबरपुर में अलविदा की नमाज अदा कराने से पहले कहा कि रमजान का पवित्र माह अल्लाह की अधिक से अधिक इबादत का है। सिर्फ 15 घंटे भूखे रहने से ही सबकुछ नहीं है।
इस दौरान कोई भी ऐसा कार्य न करें, जो अल्लाह को नागवार गुजरे। कहा कि इस महीने गरीबों की बढ़-चढ़कर मदद करें। इस प्रकार से किसी गरीब की मदद न करें, जिससे उसकी खुद्दारी पर असर पड़े। ईद का चांद देखने से पहले यह जरूर देख लें कि इर्दगिर्द कोई ऐसा तो नहीं है, जिनके बच्चे नए कपड़े का इंतजार कर रहे हैं। ईद की खुशियां मनाने से पहले इस बात का जरूर ध्यान रखें कि इस खुशी से कोई गरीब वंचित न रह जाए।
युवाओं से आह्वान किया कि अल्लाह के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज व देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। शहजादपुर चौक स्थित जामा मस्जिद के पेश इमाम कारी जावेद ने कहा कि इस्लाम इंसानियत का पैगाम देता है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि आपसी भाईचारे की डोर को कमजोर न होने दें। बेलाल मस्जिद अब्दुल्लापुर में नमाज अदा कराने से पहले हाफिज मोहम्मद निसार अहमद ने कहा कि पवित्र रमजान माह गुनाहों को बख्शवारने का महीना है। ऐसे में अल्लाह की अधिक से अधिक इबादत कर अपने गुनाहों की माफी मांगें। यह इकलौता ऐसा महीना है, जिसमें अल्लाह खुद अपने बंदों की मेजबानी करता है, इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि मस्जिद में दाखिल होते हुए कोई ऐसा कार्य न करें, जो अल्लाह को नागवार गुजरे। इसके अलावा जलालपुर, टांडा, आलापुर, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, हजपुरा, कजपुरा, रसूलपुर, मछलीगांव आदि क्षेत्रों में भी अलविदा जुमा की नमाज श्रद्धा के साथ अदा की गई। उधर, अलविदा जुमा में मस्जिदों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
अधिकारियों ने लिया जायजा
अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से निपट जाए, इसके लिए डीएम सुरेश कुमार व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, एडीएम अमरनाथ रॉय व एएसपी अशोक कुमार रॉय के अलावा सभी तहसीलों के एसडीएम व सीओ भी अलग-अलग क्षेत्र के मस्जिदों तक पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।