अंबेडकरनगर। सामान्य सीट अंबेडकरनगर की चार विधानसभा व संतकबीरनगर संसदीय सीट के आलापुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को हुए शांतिपूर्ण व रिकॉर्ड मतदान के लिए डीएम सुरेश कुमार व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने जनपदवासियों को बधाई दी।
कहा कि बगैर उनके सहयोग के लोकतंत्र के महापर्व को सकुशल निपटाना संभव नहीं था। भीषण गर्मी व कुछ स्थानों पर ईवीएम में आई खराबी से कुछ देर के लिए ही हुई मुश्किल के बावजूद जिस धैर्य का परिचय दिया, वह बधाई योग्य है। इससे पहले अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का गहनता से जायजा लेकर मतदाताओं व कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया।
जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि अत्यन्त चुनौती के बीच जिस तरह मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर मतदान किया है, वह सराहनीय है। मतदान की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से गुजरी, इसके लिए मतदाताओं के साथ साथ सभी मतदान कर्मचारी तथा पुलिस कर्मी भी बधाई के पात्र हैं।
एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि सभी के सहयोग से एक बड़ी चुनौती को आसानी से पार कर लिया गया है। यह निश्चित तौर पर आम जनमानस के सहयोग के बगैर संभव नहीं था।
पुलिस कर्मियों व अन्य कर्मचारियों ने जिस मनोबल व उत्साह के साथ जिम्मेदारी निभाया है वह काबिले तारीफ है। इससे पहले दोनों अधिकारियों ने जिले के अलग अलग बूथों पर पहुंचकर कर्मचारियों व मतदाताओं का मनोबल भी बढ़ाया।