अंबेडकरनगर। भूख, प्यास और तपिश पर मताधिकार को लेकर रोजेदारों का जज्बा भारी पड़ा। भीषण गर्मी में उम्मीद के विपरीत मुस्लिम महिलाओं व पुरुषों ने बढ़ चढ़कर मताधिकार का प्रयोग किया। आशंका थी कि पवित्र रमजान माह के चलते रोजा रखने वाले महिला व पुरुष मतदाता चिलचिलाती धूप व गर्म हवा के चलते अधिक संख्या में मतदान नहीं करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
गर्मी को दरकिनार करते हुए सुबह से ही बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मतदाताओं का बूथों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके साथ ही रोजेदारों के परिवार से जुड़े अन्य सदस्यों ने भी उनके साथ बूथों तक पहुंचकर अपनी पसंद के प्रत्याशियों को अपना मत दिया।
पवित्र रमजान माह में रोजा रखने तथा भोर के बाद से भोजन न करने तथा पानी तक न पीने की परिस्थिति के बीच मतदान को देखते हुए आशंका जताई जा रही थी कि शायद मुस्लिम वर्ग के मतदान में कमीं देखने को मिले। हालांकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
तमाम आह्वान व अपील का असर ऐसा हुआ कि सुबह से अलग अलग क्षेत्रों में बड़ी तादाद में मुस्लिम महिलाएं व पुरुष मतदान के लिए घर से निकल पड़े। इनमें से ज्यादातर रोजेदार थे। दोपहर में कुछ देर के लिए इनकी संख्या में कमीं आई, लेकिन अपराह्न बाद एक बार फिर से बूथों पर नकाब पहने महिलाओं की लंबी लाइन लग गई। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर मिलीं रेहाना व जूही ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में वे भी अपनी भागीदारी निभाना चाहती हैं।
रोजा रखकर मतदान जैसा पुण्य कार्य करने से इबादत में और भी वृद्धि हो गई। टांडा विधानसभा क्षेत्र के मुबारकपुर में मतदान कर घर लौटतीं सीमा व सैय्यदा ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है। इसका प्रयोग हमें करना था, सो किया। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के वाजिदपुर मतदान केंद्र के बाहर मिलीं नगमा व हुमा ने कहा कि रोजा रखने के बावजूद उन्होंने न सिर्फ खुद मतदान किया, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। मतदान करने के लिए किया।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार फातिमा इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर मतदान करने के लिए लाइन में बड़ी संख्या में नकाब पहने महिलाएं अपना नंबर आने का इंतजार करती दिखीं। आदर्श जनता इंटर कॉलेज में मतदान के बाद धूप से बचने के लिए घर जाने के लिए नकाबपोश महिलाओं ने ई रिक्शा का सहारा लिया। सरस्वती शिशु मंदिर मतदान केंद्र कश्मीरिया मतदान पर भी बड़ी संख्या में नकाब पहने महिलाओं ने बढ़ चढ़कर मतदान किया।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार मिर्जा गालिब इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक महिलाओं ने लाइन में लगकर मताधिकार का प्रयोग किया। उनमें भारी उत्साह देखने को मिला।