फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बगैर मान्यता अभी भी धड़ल्ले से चल रहे 162 विद्यालय

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं बगैर मान्यता के 162 विद्यालय। विगत वर्ष के चिंहित ऐसे विद्यालयों को नोटिस तो जारी करते हुए संबंधित थानों में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई थी। बसखारी थाने को छोड़कर अन्य किसी भी थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी। शिक्षा विभाग भी इसके बाद कार्रवाई को लेकर बेफिक्र हो गया। नतीजा यह है कि धड़ल्ले से संचालित हो रहे ऐसे विद्यालयों में हर तरह की मनमानी जारी है।
विज्ञापन


छात्र-छात्राओं के भविष्य व अभिभावकों के आर्थिक शोषण को रोकने के लिए शासन ने ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया था, जो बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। शासन के तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद शिक्षा विभाग ऐसे विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। नतीजा यह है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 160 से अधिक विद्यालय बगैर मान्यता के धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।

बीएसए कार्यालय के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 2 हजार 32 विद्यालय मान्यता प्राप्त हैं। विगत वर्ष बगैर मान्यता के संचालित 315 विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया था। लगभग 125 विद्यालयों ने मान्यता के लिए आवेदन किया, जिनमें से ज्यादातर को जांच के बाद मान्यता दे दी गई। लगभग 40 विद्यालय बंद हो गए, जबकि 150 विद्यालय अभी भी बगैर मान्यता के संचालित हो रहे हैं। ऐसे विद्यालयों को एक बार फिर से नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है।
विज्ञापन


डीआईओएस कार्यालय के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 385 विद्यालय मान्यता प्राप्त हैं। विगत वर्ष जायजे के दौरान 40 ऐसे विद्यालयों का चिंहांकन किया गया था, जो बगैर मान्यता के थे। सभी को नोटिस जारी की गई थी। 18 विद्यालयों ने मान्यता के लिए आवेदन किया था, जिन्हें जरूरी प्रक्रिया के बाद मान्यता दे दी गई। 10 विद्यालय बंद हो गए, जबकि 12 विद्यालय अभी भी बगैर मान्यता के संचालित हो रहे हैं। ऐसे विद्यालयों को डीआईओएस कार्यालय एक बार फिर से नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है।

नहीं हुई कार्रवाई
विगत वर्ष जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बगैर मान्यता के संचालित 160 से अधिक विद्यालयों के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संबंधित थाने में तहरीर दी थी। मात्र बसखारी थाने में 14 विद्यालयों के विरुद्ध केस दर्ज हुआ था। अन्य किसी भी थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया ही नहीं शुरू हो सकी। इसके अलावा बसखारी थाने में भी कार्रवाई महज केस दर्ज होने तक ही सीमित रही। इससे आगे किसी भी प्रकार की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। नतीजा यह है कि ऐसे सभी विद्यालय धड़ल्ले से बगैर मान्यता के संचालित हो रहे हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं।

चुनाव बाद चलेगा विशेष अभियान
चुनाव की व्यस्तता के चलते नए शिक्षा सत्र में अब तक कोई विशेष अभियान नहीं चला है। चुनाव संपन्न होने के बाद अभियान चलाकर ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद सिंह, डीआईओएस

चिंहांकन कर भेजी जाएगी नोटिस
शीघ्र ही अभियान चलाकर बगैर मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों का चिंहांकन किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी की जाएगी।
विज्ञापन

-अतुल कुमार सिंह, बीएसए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें