टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद के सभासदों ने बिना बोर्ड में स्वीकृति के बगैर प्रशासनिक, वित्तीय कार्यवाही व ठेकेदारों के समस्त देयकों के भुगतान को रोके जाने की मांग की है। अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका टांडा के अलावा मंडलायुक्त, जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी को भी मांगपत्र भेजा गया है। लोकतांत्रिक सभासद दल का गठन कर सभासदों ने नगर पालिका परिषद में तकनीकी, प्रशासनिक व वित्तीय अनुशासन बनाये रखने में मनमानी का आरोप लगाया है। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा विकास के नाम पर गड़बड़ी की जा रही है।
बोर्ड की सहमति को दरकिनार कर निर्णय लिया जा रहा है। कहा कि नगर पालिका में कई सभासदों व जनहित के प्रस्तावों को अलोकतांत्रिक ढंग से दबाने और रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इसके चलते सभासदों ने लोकतांत्रिक दल का गठन किया है। लोकतांत्रिक दल के हस्तक्षेप के बावजूद नगर पालिका के कार्यों व निर्णयों में मनमानी जारी है।
बोर्ड की बगैर स्वीकृति व प्राप्त अधिकारों से अधिक धन का भुगतान मनमाने तौर किया जाना वित्तीय अनियमितता है। ऐसे में लोकतांत्रिक दल ने अधिशाषी अधिकारी टांडा से बोर्ड में बगैर स्वीकृति के प्रशासनिक, वित्तीय कार्यवाही व ठेकेदारों के समस्त देयकों के भुगतान पर रोक लगाए जाने की मांग की है। सभासदों ने अपनी मांग से जुड़ी प्रतिलिपि मंडलायुक्त, डीएम व एसडीएम को भी भेजकर अवगत कराया है।
लोकतांत्रिक सभासद दल अध्यक्ष जमाल कामिल व महामंत्री शकील अहमद ने कहा कि यदि समय रहते मामले में हस्तक्षेप न किया गया तो विकास के नाम पर सिर्फ सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाया जाएगा। यह न तो देशहित में अच्छा है, और न ही समाज हित में। उधर अध्यक्ष नसीम रेहाना अंसारी ने कहा है कि सभी कार्य व निर्णय नियमानुसार लिए जा रहे हैं। कुछ लोग अनावश्यक ढंग से दबाव डालने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा और कोई मामला नहीं है।