अंबेडकरनगर। सीएमओ कार्यालय परिसर में मंगलवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य कर्मचारियों को डेंगू व चिकनगुनिया के फैलने के कारण व उसके रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को इन रोगों के बारे में जानकारी दें।
अध्यक्षता कर रहे सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि डेंगू जानलेवा बीमारी है। यह डेंगू मच्छर से फैलती है। डेंगू मच्छर की उत्पत्ति गंदे स्थानों पर होती है। यह मच्छर दिन में ही काटते हैं और भूमि से तीन से चार फिट ऊपर तक उड़ते हैं। डेंगू में तेज बुखार चढ़ता है। प्लेटलेट्स कम होने लगती है। शरीर पर लाल चकत्ते पड़ जाते हैं।
भूख कम लगती है। कभी-कभी उल्टी भी होती है। यदि इस प्रकार के लक्षण दिखें, तो तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। तनिक सी लापरवाही से परिवार को बड़ा नुकसान हो सकता है। स्वास्थ्य कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव, घर घर जाकर लोगों को डेंगू के बारे में विस्तार से जानकारी दें।
चिकित्सक डॉ. सालिकराम पासवान व डॉ. नवनिधि मिश्रा ने कहा कि बदल रहे मौसम के बीच चिकनगुनिया फैलने की संभावना अधिक होती है। इसमें शरीर पर छोटे-छोटे दाने निकलते हैं। बुखार चढ़ता है। भूख कम लगती है और कभी-कभी उल्टी होती है। ऐसे में इसके प्रति सभी को जागरूक होना होगा। इस दौरान डॉ. आरके रॉय, डॉ. अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे।