बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार देर रात देसी शराब के ठेके पर सेल्समैन से मारपीट करते हुए 80 हजार से अधिक की नकदी लूटने की कोशिश की। सेल्समैन की गुहार पर पहुंचे बाजार वासियों व ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया व जमकर पिटाई भी की। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दोनों पक्षों ने मामले में समझौता कर लिया।
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा चौराहे का है। मंगलवार को सेल्समैन राजेश निवासी ज्योतिपुर समैसा ठेके पर शराब की बिक्री कर रहा था। उसका आरोप है कि रात करीब साढ़े नौ बजे एक बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे।
दो बदमाश बाइक से उतरे और ठेके के अंदर घुस आए। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। वह जब तक कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने कैश काउंटर में रखे करीब 80 हजार रुपए समेट लिये। उसकी गुहार पर दोनों बदमाश पैसा लेकर भागने लगे।
इतने में आसपास के ग्रामीण व बाजार वासी मौके पर पहुंच गए। एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पिटाई की। बाद में पहुंची मालीपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष रामनिवास ने बताया कि मामला लूटपाट का नहीं है। यह आपसी मारपीट का मामला है। किसी पक्ष ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों ने बाद में स्वयं समझौता कर लिया।