रंगों का पर्व होली गुरुवार को समूचे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बुधवार रात होलिका दहन के साथ होली पर्व का आगाज हुआ। सुबह से ही बच्चे, बूढ़े और जवान सभी होली के जश्न में डूबे नजर आए।
डीजे के धुनों पर थिरकती युवाओं की टोली तो फगुवा गाती निकली बुजुर्गों की टोली आकर्षण का केंद्र रही। हर कोई एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करता नजर आया। शहजादपुर में कपड़ा फाड़ होली का क्रेज देखने को मिला।
घरों में सुबह से ही बन रही पूड़ी व लजीज पकवानों का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। दोपहर बाद एक-दूसरे के घर पहुंचे लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
गुरुवार सुबह से ही चहुंओर रंगों के पर्व होली का खुमार दिखा। महिलाएं घरों में लजीज व्यंजन तैयार करने में व्यस्त दिखीं। वहीं युवाओं की टोली डीजे के धुनों पर थिरकती नजर आयी। फिल्मी गीतों व जोगीरा का क्रेज भी खूब दिखा।
आपसी गिले-शिकवे भूलकर सभी ने एक-दूसरे को खूब अबीर-गुलाल लगाया और होली की बधाई दी। शहजादपुर में युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली खेली। धरिकार समाज के युवाओं ने गुरुवार सुबह फव्वारा तिराहे के निकट तो शहजादपुर चौक में व्यापारी समाज के युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली खेली।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली का उत्साह देखने को मिला। सुबह-सुबह ही हुरियारों की टोली निकल पड़ी। गांव में भ्रमण कर न सिर्फ लोगों को फगुवा से गुदगुदाया बल्कि भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का भी नई पीढ़ी को एहसास कराया।
टांडा में होली के आकर्षण का केंद्र विंग कमांडर अभिनंदन और सेना के शौर्य से जुड़ी झांकी का प्रदर्शन रहा। युवाओं द्वारा निकाली गई यह झांकी हर किसी को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर रही थी।
हुरियारों की इस टोली में विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त, भाजपा नेता घिसियावन मौर्य, दीपक केडिया, दिनेश कुमार मौर्य, सपा नेता रघुनाथ यादव व रामसूरत मौर्य आदि शामिल हुए। दूसरी ओर मुबारकपुर में होली हुड़दंग समिति के तत्वावधान में रंगों का त्यौहार होली भाईचारे के साथ मनाया गया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पिंटू जायसवाल, भाजपा नेता मनोज कुमार यादव व श्री राम विवाह सेवा समिति के कोषाध्यक्ष अजय सोनी की अगुवाई में निकले जुलूस में ढोल की थाप व फगुआ गीतों पर थिरकते युवा सभी को आकर्षित कर रहे थे। मुबारकपुर बाजार में हांडी फोड़ने में युवाओं की तत्परता और मानव पिरामिड का कुछ अलग ही आनंद रहा।
रंगों के जुलूस के सफल संचालन में व्यापार मंडल अध्यक्ष पिटू जायसवाल, रामबाबू मोदनवाल, सजनलाल गुप्ता, राकेश मद्धेशिया, पवन मद्धेशिया, प्रमोद गुप्ता व अजय मोदनवाल आदि का योगदान रहा। आलापुर, भीटी, कटेहरी, महरुआ, जलालपुर, जहांगीरगंज व राजेसुल्तानपुर में होली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।