अंबेडकरनगर। सीएमओ कार्यालय परिसर में मंगलवार को आशा बहुओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्हें परिवार नियोजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आह्वान किया गया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक करें।
प्रशिक्षक अमरनाथ चौधरी ने कहा कि लगातार बढ़ती जनसंख्या समाज व देश के विकास में बड़ी बाधक है। ऐसे में इस पर अंकुश लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए लोगों का जागरूक होना अत्यंत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे अधिक जनसंख्या चीन की है। इस पर अंकुश लगाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार हुआ। इसका लाभ भी हुआ। बीते कुछ वर्षाें से चीन की बढ़ती जनसंख्या पर अंकुश लगा है। इसी प्रकार हम सभी को इसे लेकर जागरूक होना होगा। इसके लिए परिवार नियोजन के बारे में गांव-गांव जाकर लोगों को जानकारी देनी होगी।
प्रशिक्षक रामजीत व शाहिद कमर ने कहा कि आशा बहुओं की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव जाकर गोष्ठियों व चौपाल के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी दें। हम दो, हमारे दो के नारे को सफल बनाने में उनका सहयोग लें। दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर जरूर रखें। जागरूकता के आधार पर ही जनसंख्या वृद्धि पर अंकुश लगाया जा सकता है।