अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को डीएम सुरेश कुमार व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम से लेकर मतगणना कक्ष व प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लिए जाने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिला मुख्यालय स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में लोकसभा व विधानसभा चुनाव की मतगणना होती चली आ रही है। इस लोकसभा चुनाव के लिए भी इस कॉलेज में ही मतगणना के साथ-साथ चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मंगलवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार व एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचे और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया, जहां मतदान के बाद ईवीएम को रखा जाएगा। इसके बाद मतगणना कक्ष व प्रशिक्षण कक्ष का भी जायजा लिया।
डीएम ने कहा कि समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एडीएम अमरनाथ रॉय, एएसपी अशोक कुमार रॉय, एसडीएम सदर अभिषेक पाठक व प्राचार्य डॉ. अखिलेश मिश्र मौजूद रहे।
प्रशिक्षण प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में कुल पांच स्ट्रांग रूम, पांच मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारियों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक, जबकि द्वितीय पाली में अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक पाली में 600 कर्मचारी भाग लेंगे। बताया कि प्रशिक्षण के लिए कुल 11 टीमें बनाई गई हैं।