अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील के अशरफपुर बरवां में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से 5 एमवीए क्षमता के नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण होगा। गत दिवस ही शासन ने विद्युत उपकेंद्र के निर्माण को संस्तुति प्रदान की। उपकेंद्र के निर्माण से अकबरपुर टाउन उपकेंद्र से जुड़े साउथ वेस्ट फीडर व कटेहरी विद्युत उपकेंद्र के यरकी फीडर पर दबाव कम होगा। इस बीच नया उपकेंद्र बनने से लगभग 80 हजार की आबादी को सुचारु बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
जिले की विद्युत व्यवस्था सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पूर्व में कई उपकेंद्रों का निर्माण पूरा हुआ, तो कई नए निर्माण भी कराए गए। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अकबरपुर तहसील अंतर्गत अशरफपुर बरवां गांव में 5 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले विद्युत उपकेंद्र को गत दिवस ही शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी। इससे विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद पावर कॉर्पोरेशन ने भूमि का भी अधिग्रहण कर लिया।
पावर कॉर्पोरेशन के अनुसार इस उपकेंद्र की स्थापना से अकबरपुर नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र के साउथ वेस्ट फीडर व कटेहरी विद्युत उपकेंद्र के यरकी फीडर पर दबाव कम होगा। इससे इन उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को सुचारु विद्युत आपूर्ति मिलेगी। उधर इन दोनों फीडर से जुड़े गावों को नए विद्युत उपकेंद्र से जोड़ दिया जाएगा। इससे अशरफपुर बरवां, टीकमपारा, फत्तेपुर, बेलाबाग, रतनपुर, भरथुआ, मौरापारा, परासी, करिया, यरकी, इमलिया, तिवारीपुर, पटखौली, आशागढ़, जलालपुर, शाहपुर समेत 60 गावों की 80 हजार की आबादी को सुचारु बिजली मिल सकेगी।
लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी निजात
साउथ वेस्ट व यरकी विद्युत उपकेंद्र पर अधिक दबाव के चलते संबंधित फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा था। अशरफपुर बरवां में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से यह समस्या दूर हो जाएगी। शाहपुर परासी के मनोज मिश्र व रतनपुर के अमित मिश्र ने कहा कि गर्मी के दिनों में अक्सर लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न होती है। नए उपकेंद्र की स्थापना से संबंधित फीडर पर दबाव कम होगा, जिससे लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। टीकमपारा दीपक सिंह व अरुण कुमार ने कहा कि अशरफपुर बरवां में नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण को मंजूरी मिलना एक सराहनीय कदम है। इससे उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली मिल सकेगी। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिलेगी।
शीघ्र शुरू होगा निर्माण
अकबरपुर तहसील अंतर्गत अशरफपुर बरवां गांव में 5 एमवीए क्षमता के नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की मंजूरी शासन से मिली है। लगभग 3 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले उपकेंद्र का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। -वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता विद्युत अकबरपुर