मतदाता बनने को चला विशेष पुनरीक्षण अभियान
अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने के मद्देनजर मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर शनिवार को दो दिवसीय मतदाता पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोगों नें नाम बढ़ाने के लिए फार्म 6 भरा।
लोकसभा चुुनाव में कोई भी मतदान से वंचित न रह जाए, इसके लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर शनिवार से दो दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में बीते एक पखवारे से ही तैयारियां चल रही थीं। अधिक से अधिक लोगों को अभियान का लाभ मिल सके, इसके लिए सभी बीएलओ को समय पर मतदान स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया था। शनिवार को पहले दिन कहीं बड़ी संख्या में लोग मतदाता नाम बढ़ाने के लिए पहुंचे, तो कहीं सन्नाटे का माहौल रहा।
अभियान को जायजा लेने अमर उजाला टीम प्राथमिक विद्यालय राबीबहाउद्दीन पहुंची। यहां बीएलओ शांति देवी व संयोगिता मौजूद थीं। शांति देवी ने बताया कि कुल 22 लोगों ने नाम बढ़ाने के लिए फॉर्म 6 भरा। टीम प्राथमिक विद्यालय विजयगांव पहुंची, तो यहां बीएलओ दीपामणि व गीता ड्यूटी पर मौजूद मिलीं। गीता ने बताया कि 18 लोगों ने नाम बढ़ाने के लिए फॉर्म 6 बढ़ा। कुछ इसी प्रकार का माहौल अन्य बूथों पर भी दिखा।