मार्ग दुर्घटनाओं में पांच घायल, एक गंभीर
अंबेडकरनगर। बीते 24 घंटे में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सम्मनपुर थाना अंतर्गत इस्माइलपुर निवासी अमरजीत (40) पुत्र रामकुमार व दिलीप (27) पुत्र देवीप्रसाद मंगलवार देर शाम एक ही बाइक से जलालपुर में वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पंडाटोला निवासी प्रीतम पाण्डेय (22) अशोक बुधवार सुबह बाइक से कलेक्ट्रेट जाते समय फौव्वारा तिराहा के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
बसखारी थाना अन्तर्गत बसखारी निवासी नीरज (18) पुत्र जियालाल मंगलवार देर शाम बाइक से किछौछा जाते समय बाजार के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। जलालपुर थाना अंतर्गत जलालपुर निवासी वीरेंद्र (40) पुत्र सभाजीत बुधवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां वीरेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।