रफ्तार ने 14 घंटे में ली वृद्ध समेत तीन की जान
अंबेडकरनगर। चौदह घंटे में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार ने वृद्ध समेत तीन की जान ले ली। जलालपुर के बनपुरवा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर से हुई साइकिल सवार की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बनपुरवा गांव के पास जलालपुर-न्यौरी मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी केस दर्ज करने, मुआवजा दिए जाने व क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त कराए जाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम के आश्वासन पर लगभग तीन घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ। बाद में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, जलालपुर कोतवाली अंतर्गत बनपुरवा गांव निवासी चंद्रभूषण (22) पुत्र शंकर रविवार देर शाम रफीगंज बाजार गया था। खरीददारी करने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। वह गांव के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किसी अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस ने आनन-फानन में बेहोश चंद्रभूषण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
सोमवार सुबह परिवारीजनों ने ग्रामीणों के साथ बनपुरवा गांव के पास जलालपुर-न्यौरी मार्ग जाम कर दिया। एसओ नीरज सिंह ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने समझा लगभग तीन घंटे तक चला जाम समाप्त कराया। एसओ ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर बसखारी के कौड़ाही गांव निवासी फूलचंद्र पुत्र सभाजीत के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
वहीं, अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत अरिया पहाड़पुर गांव निवासी सियाराम (65) पुत्र रामअधार रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय डीएम आवास के निकट ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उधर, पड़ोसी जनपद संतकबीरनगर जनपद के बनकसिया मैदावल गांव निवासी इस्मालम (40) पुत्र सुबराती सोमवार सुबह बाइक से किछौछा से बसखारी जाते समय बाजार के निकट ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।