जिले में राज्यस्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता को मिली हरी झंडी
अंबेडकरनगर। खेल निदेशालय ने जिले में राज्यस्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है। प्रतियोगिता मार्च में होगी, जिसमें प्रदेश की एक दर्जन चुनिंदा टीमें भाग लेंगी। जिला ओलंपिक संघ व हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. हनुमान सिंह ने यह जानकारी शुक्रवार को अकबरपुर में दी।
बताया कि जिला हैंडबॉल संघ के सचिव की हैसियत से उन्होंने बीते दिनों खेल निदेशक से मुलाकात की थी। उन्हें हैंडबॉल संघ की तरफ से खेलों के आवंटन का पत्र दिया गया था। इसी आधार पर खेल निदेशालय ने अंबेडकरनगर जिले के लिए राज्यस्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता को स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह प्रतियोगिता राजकीय एकलव्य स्टेडियम अकबरपुर में मार्च में होगी। सचिव ने बताया कि जिला हैंडबॉल संघ की जल्द ही बैठक कर प्रतियोगिता की तिथि निर्धारित कर ली जाएगी। प्रतियोगिता को 7 मार्च से लेकर 20 मार्च के बीच ही करा लिया जाएगा।
प्रतियोगिता तीन दिवसीय होगी। इसमें प्रदेश की दर्जनभर चुनिंदा टीमें भाग लेंगी। सचिव ने बताया कि खेल निदेशालय का पत्र स्टेडियम तक पहुंच चुका है। इस बीच जिला खेल अधिकारी नीरज मिश्र ने बताया कि स्टेडियम की तरफ से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता को भव्य ढंग से संपन्न कराया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जा रहा कि महिलाओं की प्रतियोगिता होने के चलते इसमें बड़ी तादाद में युवतियों व महिलाओं की भागीदारी बतौर दर्शक हो।