अब विधानसभा में गूंजेगा ग्रामीणों का मुद्दा
टांडा (अंबेडकरनगर)। आबादी के बीच से रूटमैप के विपरीत हाईटेंशन तार ले जाने से नाराज ग्रामीणों की आवाज को बसपा विधान सभा में उठायेगी। किसानों व स्थानीय ग्रामीणों की गुहार पर कटेहरी विधायक लालजी वर्मा ने न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। कहा कि विधानसभा में आम जनता के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बताते चलें कि निर्माणाधीन एनटीपीसी द्वितीय चरण में बिजली सप्लाई के लिए हाईटेंशन तार खींचने का काम तेजी से चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा मानचित्र के विपरीत पोल लगाने व तार खींचने का काम किया जा रहा है।
इसे लेकर कई बार आपत्ति भी जाहिर की गई, लेकिन जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे फरीदपुर, धर्मूपुर, मीरानपुरा, बाभनपुरा आदि गांव के लोग प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि आबादी के बीच से तार खींचा जाएगा तो कभी भी कोई हादसा हो सकता है। ऐसे में जरूरत है कि समय रहते आबादी के बीच से तार खींचने के कार्य को रोका जाए, और उसे आबादी के बाहर से खिंचवाया जाए। ग्रामीणों ने गुरुवार को कटेहरी विधायक लालजी वर्मा से मिलकर न्याय की गुहार की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि उनके मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। निश्चिततौर पर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।