प्रयागराज ने जीती आरपीएस ट्रॉफी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज मैदान में पूर्व सांसद रामपियारे सुमन की स्मृति में चल रहे अंतर्राज्यीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को हुआ फाइनल मैच प्रयागराज ने जीतकर आरपीएस ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रयागराज ने एकतरफा मुकाबले में लखनऊ को पराजित किया। विजेता टीम की शेफाली को मैन ऑफ द सिरीज चुना गया। मुख्य अतिथि पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
खराब मौसम के चलते बुधवार को बीएन इंटर कॉलेज मैदान में फाइनल मुकाबला काफी देर तक टालना पड़ा। बाद में छिटपुट बारिश के बीच लखनऊ व प्रयागराज टीम के बीच फाइनल मैच शुरू हुआ, मगर ओवर घटाकर 15 कर दिए गए। प्रयागराज टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सात चौकों व एक छक्के की मदद से आरती ने 59, जबकि छह चौके की मदद से शेफाली ने 41 रन बनाए। 16 अतिरिक्त रन मिले।
टीम ने तीन विकेट खोकर 129 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 15 ओवर में छह विकेट खोकर मात्र 73 रन ही बना सकी। कप्तान सोनाली सिंह ने 17, जबकि तरन्नुम ने 15 रन का योगदान दिया। सर्वाधिक 21 रन अतिरिक्त के तौर पर आए। ऐसे में क्रिकेट का फाइनल मुकाबला प्रयागराज ने 56 रन से जीत लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस व पूर्व सांसद रामपियारे सुमन के चित्र पर माल्यार्पण किया। कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवतियों को खेलों में आगे आने की जो प्रेरणा मिलेगी, उसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। विशिष्ट अतिथि अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता तथा एसडीएम सदर अभिषेक पाठक की पत्नी सुशीला पाठक ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
आयोजन मंडल संयोजक रीता प्रकाश मणिकर्णिका व सचिव राजन सुमन ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अंत में अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर संरक्षक हीरालाल, अर्पित, अंजलि, भरत आदि मौजूद रहे।
इन्हें किया गया पुरस्कृत
प्रयागराज टीम की खिलाड़ी शेफाली को वीमेन ऑफ द सिरीज व बेस्ट बैट्स वीमेन चुना गया। लखनऊ की डिंपी बघेल बेस्ट बॉलर तथा यहीं की श्रद्धा बेस्ट क्षेत्ररक्षक चुनी गईं। इन सभी को पुरस्कृत किया गया। अंपायरिंग के लिए सुधीर चतुर्वेदी, शशिभूषण पांडेय, आनंद सिंह, निखिल पटेल, सत्यम यादव, कमेंट्री के लिए वेदप्रकाश श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव व विक्रम सिंह को भी आयोजन मंडल ने सम्मानित किया।