अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र मेें फुलवरिया बाग के पास बाइक सवार बदमाश ने मंगलवार को दिनदहाड़े क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को गोली मार दी। पीठ में गोली लगते ही बाइक सवार संचालक जमीन पर गिर पड़ा। दिनदहाड़े हुई वारदात से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश भाग निकला। गं
भीर हालत में केंद्र संचालक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जानकारी होते ही सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। वारदात के कारण की भी जानकारी नहीं है, जबकि परिवारीजन इस मामले में रंजिश बता रहे हैं।
बेवाना थाना क्षेत्र के खुलासपुर गांव निवासी रामशंकर यादव (35) पुत्र रामसुंदर यादव पूर्वाह्न करीब 11 बजे बाइक से रामपुर सकरवारी बाजार जा रहा था। दरअसल रामशंकर रामपुर सकरवारी बाजार में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन अरसे से कर रहा है। प्रतिदिन की तरह ही मंगलवार को भी वह ग्राहक सेवा केंद्र के लिए निकला।
बताया जाता है कि जब वह गांव से कुछ दूर स्थित फुलवरिया बाग के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार एक युवक ने उसे गोली मार दी। बदमाश ने अपना चेहरा गमछे से ढक रखा था। गोली रामशंकर की पीठ में लगी, जिससे वह बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ा।
दिनदहाड़े गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। जब तक वे मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश मौके से भाग निकला। गंभीर हालत में रामशंकर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर, वारदात की जानकारी होते ही एसओ बेवाना संतोष कुमार गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ देर बाद ही सीओ सदर धर्मेंद्र सचान ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और ग्रामीणों व परिवारीजनों से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। इस मामले में छानबीन की जा रही है। वारदात के पीछे के कारण की भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। उधर, परिवारीजनों ने वारदात के पीछे रंजिश बताई है।