अंबेडकरनगर। विद्यालयों को स्वच्छ बनाने एवं संक्रामक रोगों को फैलने से बचाने के लिए जिले के 117 उच्च प्राथमिक विद्यालय में अत्याधुनिक इंसीनरेटर (अत्याधुनिक कूड़ादान) स्थापित किया जाएगा। लगभग 1 करोड़ की लागत से इन खास डिब्बों की स्थापना का कार्य एक पखवारे के अंदर प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे लगभग 15 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों को साफ सुथरा बनाए रखने एवं संक्रामक रोगों को फैलने से बचाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम ऐसे परिषदीय विद्यालय जिसमें छात्राओं की संख्या अधिक है, उसमें शिक्षा निदेशालय ने अत्याधुनिक कूड़ादान इंसीनरेटर की स्थापना किए जाने का निर्णय बीते दिनों लिया था।
दरअसल उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ रहीं छात्राओं व शिक्षिकाओं को कभी कभी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। उन्हें ऐसी स्थिति से बचाने के लिए ही इस प्रकार के कूड़ेदान स्थापित किए जाएंगे।
योजना के तहत लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से जिले के 117 परिषदीय विद्यालयों में इंसीनरेटर की स्थापना किए जाने की संस्तुति शिक्षा निदेशालय ने बीते दिनों प्रदान कर दी है।
बीएसए कार्यालय के लिपिक सत्यदेव ने बताया कि यह कूड़ेदान पूरी तरह प्रदूषण रहित होंगे। सप्ताह में सिर्फ एक बार ही इन्हें खोला जाएगा। इसके अंदर के कचरे को गांव के बाहर ले जाकर या तो जलाकर नष्ट कर दिया जाएगा, या फिर गड्ढा खोदकर उसमें गाड़ दिया जाएगा।
बताया कि इस प्रकार के कूड़ेदान की स्थापना के लिए शासन से धनराशि संबंधित एजेंसी को उपलब्ध हो गई है। एक पखवारे के अंदर कूड़ेदान की स्थापना का कार्य संबंधित विद्यालयों में शुरू कर दिया जाएगा।
शीघ्र स्थापित होंगे इंसीनेटर
इंसीनरेटर की स्थापना का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसकी स्थापना से लगभग 15 हजार छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
-अतुल कुमार सिंह, बीएसए