अंबेडकरनगर। नाबार्ड योजना के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 12 करोड़ 18 लाख 96 हजार रुपये की लागत से 22 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। बीते दिनों शासन को भेजे गए प्रस्ताव के बाद निर्माण की संस्तुति पर टेंडर प्रक्रिया आदि का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
सड़कों के निर्माण कार्य में आर्थिक बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए शासन की ओर से कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई है। ऐसे में एक सप्ताह के अंदर संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से लगभग डेढ़ लाख लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इन योजनाओं का अंबेडकरनगर जनपद के लोगों को भी लाभ मिल रहा है।
इसी क्रम में बीते दिनों नाबार्ड योजना के तहत प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 22 सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद बीते दिनों ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर आदि प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। सड़कों के निर्माण में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए शासन से विभाग को आवश्यक धनराशि भी प्राप्त हो गई।
सहायक अभियंता हरेकृष्ण ने बताया कि प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने के साथ ही टेंडर आदि की प्रक्रिया बीते दिनों पूरी कर ली गई है। इसके लिए ठेकेदारों का भी चयन कर लिया गया है। एक सप्ताह के अंदर संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिले भर में संबंधित इन सड़कों का निर्माण होने से लगभग डेढ़ लाख लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
यहां बनवाई जाएंगी सड़कें
83 लाख 14 हजार रुपये की लागत से जमालापुर से काशीपुर, 40 लाख 5 हजार की लागत से मखदूमस राय, एक करोड़ 15 लाख 19 हजार से तिघरा महमूदपुर भटपुरवा संपर्क मार्ग, 43 लाख 16 हजार से मुरदापुर संपर्क मार्ग, 55 लाख 45 हजार से खेमपट्टी संपर्क मार्ग, 55 लाख 60 हजार से छांगुरपुर कजराजोत संपर्क मार्ग, 33 लाख 46 हजार से बेलापरसा संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह 73 लाख 59 हजार से बड़ापुरवा संपर्क मार्ग, 33 लाख 81 हजार से कसड़ा नरसिंहपुर संपर्क मार्ग, 60 लाख 77 हजार से शिवलाल का पूरा संपर्क मार्ग, 43 लाख 23 हजार से भैसिनपुर संपर्क मार्ग, 81 लाख एक हजार से सैदपुर भितरी संपर्क मार्ग, 51 लाख 73 हजार से बट्टूगढ़ लोनी संपर्क मार्ग बनवाया जाएगा। इसके अलावा 45 लाख 95 हजार से सोनहरा बलरामपुर संपर्क मार्ग, 33 लाख 93 हजार से टिकरिया संपर्क मार्ग, 64 लाख 14 हजार से पट्टीकमालपुर संपर्क मार्ग, 34 लाख 60 हजार से पयनिया संपर्क मार्ग, 41 लाख 32 हजार से महियापार संपर्क मार्ग, 50 लाख 23 हजार से कदनापुर संपर्क मार्ग, 49 लाख 69 हजार से फूलपुर संपर्क मार्ग, 61 लाख 64 हजार से सरैया मुस्तफाबाद संपर्क मार्ग व 60 लाख 39 हजार रुपये से भटौली संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण
सड़कों के निर्माण की टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शासन से धन भी उपलब्ध हो गया है। एक सप्ताह के अंदर सभी सड़कों के निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
- एसके लाल, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण