अंबेडकरनगर। बहुजन क्रांति मोर्चा के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के पास धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने गुजरात में रैली के लिए गए राष्ट्रीय संयोजक की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए बगैर किसी शर्त के उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उन्हें रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
जिला संयोजक प्र्रवीण गौतम ने कहा कि बीते दिन बहुजन क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम को गुजरात सरकार के निर्देश पर उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे अहमदाबाद में एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे। गिरफ्तारी के साथ ही रैली को भी रद्द कर दिया। कहा कि भाजपा सरकार बल प्रयोग कर लोकतंत्र को दबाने की कोशिश कर रही है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
वक्ताओं ने कहा कि भारत में सभी को अपनी बात कहने का पूरा हक है। उसे किसी भी प्रकार से दबाया नहीं जा सकता। भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए तरह-तरह से हक की आवाज बुलंद करने वालों को प्रताड़ित कर रही हैं। बहुजन क्रांति मोर्चा के सदस्य इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक को अविलंब बगैर किसी शर्त के रिहा किया जाए। जब तक उन्हें रिहा नहीं किया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर जयप्रकाश, डॉ. श्यामसुंदर, अरुण कुमार, संगीता, लालचंद्र, महेंद्र, रामकेवल, मिठाई प्रसाद, माया, सविता, भानुमती, चंद्रकला, उर्मिला, जयराम आदि मौजूद रहे।