टांडा (अंबेडकरनगर)। बसपा नेता जुरगाम मेहदी व उनके चालक की हत्या में शामिल बदमाश 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक हो जाने के बाद पुलिस ने अपना पूरा ध्यान अब हत्यारों की पहचान व गिरफ्तारी पर फोकस कर दिया है। यूं तो घटना के बाद सोमवार रात ही कई टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए लगा दी गई थीं, लेकिन मंगलवार अपराह्न बाद से इसमें और तेजी आ गई।
स्वाट टीम व सर्विलांस सेल को खासतौर पर जिम्मेदारी दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टांडा, हंसवर, बसखारी आदि क्षेत्रों में पुलिस ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार देर शाम तक आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, मगर कोई हाथ नहीं लगा। टीमों के साथ मंगलवार को एसपी ने बैठक कर आवश्यक फीडबैक भी लिया।
बसपा नेता जुरगाम मेहदी व उनके चालक के शव का अंतिम संस्कार होते ही जनपद पुलिस इन दोनों की हत्या में शामिल बदमाशों की पहचान करने के अभियान में और तेजी से मुस्तैद हो गई है। शूटर कहां के हैं और वे कब से इस क्षेत्र में घूम रहे थे, पुलिस का इस पर ही पूरा फोकस है। इसके लिए स्वाट टीम व सर्विलांस सेल को खासतौर पर सक्रिय किया गया है।
माना जा रहा है कि घटना से पहले रेकी में शामिल लोगों की मोबाइल से वार्ता आदि ट्रेस होने के बाद घटना के खुलासे में आसानी होगी। पुलिस को कुछ लोगों ने बताया है कि हत्यारों ने काले कपड़े पहन रखे थे। एक दिन पहले जुरगाम मेहदी के आवास के निकट मजलिस का आयोजन था। इसमें शामिल ज्यादातर लोग काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे।
यह भी आशंका जताई जा रही है कि मजलिस में भी एक-दो शूटर काले कपड़े पहनकर गतिविधि की जानकारी के लिए पहुंचे होंगे। नौ में से कुछ शूटरों के काला कपड़ा पहनने के पीछे लोगों का यह तर्क भी है कि ऐसा करने से किसी को उन पर बाहरी होने का शक नहीं होगा और वे सब आसानी से घटना को अंजाम दे देंगे।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पिछले कई दिनों से मोबाइल पर लोगों की हुई वार्ता का भी डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। कारण यह है कि एक-दो दिन पहले बदमाश यह जानने जरूर आए होंगे कि बसपा नेता के गांव से निकलने के बाद उनकी गाड़ी किस स्थान पर बने ब्रेकर पर धीमी होगी।
इन्हीं सब बिंदुओं पर पुलिस का फिलहाल फोकस है। जेल में बंद माफिया खान मुबारक से मिलने व बात करने वालों पर भी पुलिस ने अपनी जांच केंद्रित की है। इसी सिलसिले में टांडा, हंसवर, बसखारी आदि क्षेत्रों में पुलिस ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार देर शाम तक आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। हालांकि पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी। उधर, एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।