अंबेडकरनगर। पूर्वांचल विकास निधि के तहत जिले में सवा तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से साढ़े पांच किमी लंबे दो पिच मार्गों पर एक पखवारे के भीतर लोग फर्राटा भरने लगेंगे। इस अवधि में दोनों मार्गों का निर्माण पूर्ण हो जाएगा। इससे लगभग 25 हजार आबादी को लाभ मिलेगा।
आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा सड़क निर्माण को लेकर विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। तमाम योजनाओं के चलते जिले में सड़कों का जाल फैल रहा है। सुचारु आवागमन में इसका लाभ भी मिलना शुरू हुआ है। इसी क्रम में पूर्वांचल विकास निधि के तहत गत दिवस शासन ने लगभग सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से साढ़े पांच किमी लंबाई में दो बड़े मार्गों के निर्माण को हरी झंडी प्रदान की थी। निर्माण में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न हो, इसके लिए कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी प्रांतीय लोक निर्माण को आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई। साथ ही निर्देशित किया गया कि निर्माण में मानक का पूरा ध्यान दिया जाए। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रांतीय लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरेकृष्ण ने बताया कि शासन से हरी झंडी मिलने के लगभग साढ़े तीन किमी लंबे कोड़रा मार्ग का निर्माण 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से शुरू कराया गया था। यह निर्माण कार्य अब लगभग पूर्ण हो चुका है। इसी प्रकार लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से ढाई किमी लंबे ख्वाजापुर मार्ग का भी निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। एक पखवारे में इन दोनों पिच मार्गों पर आवागमन प्रारंभ हो जाएगा। इनके निर्माण से मीरपुर शेखपुर, संग्रामपुर, सहतूगंज, चेनई इमामपुर, कटरिया, सम्मनपुर, चनवां समेत डेढ़ दर्जन गांवों की लगभग 25 हजार आबादी को आवागमन में लाभ मिलेगा।
पूर्वांचल विकास निधि के तहत कोड़रा व ख्वाजापुर संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। शीघ्र ही इन्हें पूर्ण कर लिया जाएगा। इससे लगभग 25 हजार आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलेगा। - एसके लाल, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी लोनिवि प्रांतीय खंड